अमिला। दोहरीघाट पंप कैनाल के मुख्य मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों और सरपत से ग्रामीणों को हो रही परेशानी की खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया।
विभाग की ओर से नहर किनारे उगी झाड़ियों और सरपत की कटाई-सफाई कराकर मार्ग को आवागमन के लिए सुगम और सुरक्षित कराया गया।
मुख्य मार्ग के दोनों ओर झाड़ियां फैल जाने से सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही थी। इसके साथ ही सामने से आने वाले वाहनों को देखने में राहगीरों को परेशानी होती थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
8 सितंबर को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए झाड़ियों की कटाई और सफाई कराई गई।
इस मार्ग से गोफा, पिढसुई, अहिलासपुर, बनियापार, अल्लुपुर, सुल्तानपुर, बनकरा खुर्द समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। झाड़ियों की सफाई होने से अब राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीण राकेश सिंह पटेल, नीरज यादव, कृष्णा प्रजापति और सचिन सिंह ने विभाग की कार्रवाई की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर उगने वाली झाड़ियों और अन्य अवरोधों की समय-समय पर सफाई कराई जानी चाहिए, ताकि आवागमन सुरक्षित रहे और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।