अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पांडेयपार के पास ओवरटेक करने के दौरान एक स्कूली बस ने बगल से गुजर रही बाइक को टक्कर मार दी।हादसे में चाचा-भतीजी की मौत हो गई। घटना के समय छात्रा इंटर की परीक्षा देने अपने चाचा के साथ जा रही थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक की पहचान घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला नगर पंचायत के खनिगह निवासी रामरतन सिंह (52) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह अपनी भतीजी सोनम सिंह (18) को लेकर लेकर इंटरमीडियट की परीक्षा दिलाने बाइक से कटीहारी जा रहे थे। इस दौरान बाइक के आगे एक निजी स्कूल की बस निकल रही थी, बगल से गुजरते समय बस चालक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे सीमेटेंड बेंच से जा टकराई, हादसे के समय रामरतन सिंह का हेलमेट टूट गया। हादसे में सिर और कमर के साथ शरीर के दूसरे हिस्सों में चाचा -भतीजी को चोट लगी। उधर सूचना मिलने पर पहुंची घोसी पुलिस ने दोनों को बड़राव सीएचसी लाकर भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद ही चिकित्सकों ने रामरतन सिंह को मृत घोषित कर दिया।
बकि घायल भतीजी सोनम का प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई आजमगढ़ रेफर कर दिया, यहां सोनम ने भी कुछ देर बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दी। उधर हादसे के बाद आरोपी बस चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। उधर घटना के बाद मृतक की पत्नी बिंदू ने अज्ञात बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
एक दूसरे को बेस्ट ऑफ लक बोलकर निकले थे भाई-बहन
अमिला। घटना में मृत सोनम अपने पिता रामसमुझ और माता इंदू की दो संतानों में बड़ी थी। उसका छोटा भाई आयुष कक्षा दसवीं का छात्र है। सोमवार को दोनों की परीक्षा होने के चलते दोनों भाई-बहन एक दूसरे को बेस्ट ऑफ लक बोलकर घर से निकले थे। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय सोनम का भाई परीक्षा देने के लिए अपने सेंटर पर था। पेपर देने के बाद निकले किशोर को जब घटना की जानकारी हुई। वहीं से रामसमुझ वर्तमान में हमीरपुर जिले में है। दूसरी तरफ हादसे में मृतक रामरतन वीडियोग्राफी डबिंग का काम करते थे। उनकी दो बेटियां आकांक्षा और आंचल हैं। जबकि पत्नी बिंदू फतेहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टॉफ नर्स हैं।
14 घंटे में दो हादसे, चार की हुई मौत
मऊ। जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में रविवार की शाम छह बजे से लेकर सोमवार की सुबह आठ बजे तक यानी 14 घंटे में दो हादसे हुए। इसमें दो युवक, एक युवती और एक अधेड़ की जान चली गई, वहीं दो युवकों की हालात गंभीर है। इससे पहले रविवार को कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा में दो बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक चालक प्रदीप 18 की मौत हो गई, वहीं सवार मनोज प्रजापति की मौत इलाज के दौरान हो गई। जबकि दीपक और विक्की कुमार की हालात गंभीर है। वहीं सोमवार की सुबह इस हादसे में रामरतन और सोनम की मौत हो गई।