खानपुर गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान
- फोटो : MAU
मऊ। ठंड का सितम शुरू होते ही चोरों की सक्रियता भी बढ़ गई है। घोसी कोतवाली क्षेत्र के नगर क्षेत्र तथा एक गांव में रविवार की रात चोरों ने सेंध तथा सीढ़ी की मदद से दुकान-घरों में घुसकर एक लाख रुपया से ज्यादा नकदी सहित पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार को चोरी की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। उधर एक ही रात में चोरी की तीन घटनाओं से पुलिस की सक्रियता को लेकर लोग चर्चा करते रहे। उधर, घटना के संबंध में पीड़ितों ने घोसी कोतवाली में तहरीर दी।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के माउर बोझ निवासी रामभवन वर्मा ने बताया कि घोसी कोतवाली के मझवारा मोड़ के पास उनकी सर्राफा की दुकान है। रोजाना की भांति रविवार की देर शाम दुकान बंद कर घर चला गया। सोमवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो पाया दुकान के पिछले हिस्से में सेंध लगी हुई है। जबकि दुकान के गल्ले में रखा सात हजार की नकदी तथा करीब 50 हजार रुपये का आभूषण गायब है। इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के खानपुर बुजुर्ग गांव निवासी इंद्रजीत यादव ने बताया कि रविवार की रात चोर सीढ़ी लगाकर उसके घर के छत से उसके घर में प्रवेश कर गए। जहां एक कमरे में रखा 35 हजार रुपये नकदी तथा उसके बहन के सोने के आभूषण जिसमें चार अंगूठी, एक हार सहित करीब दो लाख का सामान आभूषण उठा ले गए। चोरों ने गांव के ही साहब यादव के घर में भी सीढ़ी लगाकर घुसकर 70 हजार सहित करीब दो लाख रुपये का आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के संबंध में सीओ घोसी रवि प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की घटना उनके संज्ञान में है, पुलिस मामलों की जांच में जुटी है। चोरी की घटना न हो उसके लिए गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया जा चुका है।