मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के धौरहरा में लालू के मौत के बाद गमजदा परिवार।
- फोटो : MAU
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के इब्राहिमपुर के पास स्पीड ब्रेकर पर बाइक बेकाबू हो गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई। घटना के समय मृतक अपनी बड़ी बहन का शादी का कार्ड रिश्तेदार के यहां देकर गांव लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, युवक की मौत की सूचना जैसे ही मृतक के घर पहुंची तो शादी के घर में मातम पसर गया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के धौरहरा गांव निवासी लालू (20) पुत्र मेढू की बड़ी बहन सरिता की शादी 24 नवंबर को होनी है। शनिवार की देर शाम वह अपने साथी बृजेश (17) के साथ बहन की शादी का कार्ड देने के लिए आजमगढ़ के मुुबारकपुर थाना क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। कार्ड देने के बाद दोनों धौरहरा लौट रहे थे। अभी वह मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर के पास पहुंचा था कि तेज रफ्तार से जा रही बाइक स्पीड ब्रेकर पर बेकाबू होकर पलट गई। इससे बाइक चला रहा लालू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग दोनों घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने लालू की गंभीर हालात देखते हुए आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के लिए जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। वहीं बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। लालू की मौत की सूचना जैसे ही उसके घर पर पहुंची तो उसके शादी के रंग में भंग पड़ गया।
परिवार का एकमात्र कमाऊ पुत्र था लालू
मऊ। मृतक लालू के कुल सात भाई-बहन हैं। वह चार बहन और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वहीं चार बहनें उससे बड़ी हैं। अभी तक किसी भी बहन का विवाह नहीं हुआ है। 24 नवंबर को उसकी बड़ी सरिता का का विवाह होना है। मृतक लालू परिवार की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए लुधियाना में एक मिल में मजदूरी का काम करता था। गांव में परिजन जहां शादी की तैयारियों को लेकर उल्लास में थे वहीं इस घटना से घर में सन्नाटा पसर गया है।