कोपागंज के नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में लगा पुस्तक मेला। स्रोत : जागरूक पाठक
कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के फैजुल्लाहपुर स्थित नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में शुक्रवार को पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला ज्ञान, साहित्य और संस्कृति का उत्सव है। पुस्तकों का नियमित अध्ययन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ जीवन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने छात्रों से अच्छी पुस्तकों को अपना मित्र बनाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में जीवन मूल्यों का ह्रास हो रहा है और नैतिक व सांस्कृतिक संकट गहराता जा रहा है।
ऐसे समय में साहित्य का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन कर अपने ज्ञान और संस्कारों को समृद्ध करना चाहिए। इस दौरान संजय कुमार चौहान, ओम प्रकाश मन्नत आदि लोग मौजूद रहे।