कोपागंज में किसानों की समस्याओं को सुनते सपा सांसद राजीव राय: सोर्स स्वयं
कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के शहरोज, रेवरीडीह आदि गांवों में उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा 200 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित किए जाने के मुद्दे को लेकर किसान बृहस्पतिवार की शाम घोसी से सपा सांसद राजीव राय के पास पहुंचे।
सांसद ने किसानों की इस लड़ाई में शामिल होने और उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसानों की सहमति के बिना उनकी जमीन का अधिग्रहण करना पूरी तरह मनमाना रवैया है।
सरकार आवास विकास के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन कम कीमत पर लेकर रियल एस्टेट का कारोबार करना चाहती है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और अब किसानों की जमीन भी छीनी जा रही है।
राजीव राय ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी उनके संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है। इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा तथा संसद में भी आवाज बुलंद की जाएगी।
किसान सूर्यभान यादव, अंकित यादव, अमरनाथ, रामभवन, रमेश खरवार, शेषनाथ, राजनाथ यादव, सोनू राय आदि ने कहा कि उनसे कम दर पर रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया जा रहा है और बाद में मुआवजा बढ़ाने का आश्वासन दिया जा रहा है।
उनकी बेशकीमती कृषि भूमि को व्यावसायिक उद्देश्य से अधिग्रहित किया जा रहा है, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं और आगे भी करेंगे।