कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के खुखुंदवा के पास सोमवार की बीती रात बोलेरो और सवारियों से भरे ऑटो में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मठिया टोला निवासी साहिल सोनकर पुत्र राजेंद्र सोनकर ऑटो चलाता था। सोमवार की देर रात एक बजे वह मऊ स्टेशन से कोपागंज थाना क्षेत्र के फतनपुरा निवासी रामजतन यादव (38) सहित अन्य पांच सवारियों को लेकर कोपागंज की ओर निकला था।
अभी वह कोपागंज थाना क्षेत्र के खुंखुदवा के पास पहुंचा था कि गोरखपुर की तरफ से आ रही बोलेरो से ऑटो से टक्कर हो गई।
हादसे के समय दोनों वाहनों की गति बेहद तेज होने के चलते टक्कर होते ही दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं ऑटो पलट गया। सूचना मिलने पर पहुंची कोपागंज पुलिस ने साहिल, रामजतन, सुनिता देवी, विनोद, यश को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां इलाज के दौरान साहिल और रामजतन की मौत हो गई।