घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल स्थित शारदा सहायक खंड-32 नहर में मंगलवार की सुबह सतीश कन्नौजिया (50) का शव उतराया मिला। वह सुबह आइसक्रीम बेचने निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घोसी कोतवाली के पवनी गांव निवासी सतीश कन्नौजिया मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। गर्मी के दिनों में आइसक्रीम बेचते थे। वह आइसक्रीम की फैक्ट्री में ही रात को ठहरते थे। रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी फैक्ट्री से आइसक्रीम लेकर बेचने के लिए निकले थे।
आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे वह शारदा सहायक नहर खंड-32 के पुल पर आइसक्रीम का रिक्शा रोककर रेलिंग पर बैठकर आराम कर रहे थे। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गए।
तैरना नहीं जानने के कारण उनकी डूबने से मौत हो गई। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पानी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ जितेंद्र सिंह, कोतवाल रविंद्रनाथ राय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।