दोहरीघाट कस्बे स्थित क्रय विक्रय समिति परिसर में बदहाल पड़ा शौचालय।संवाद
दोहरीघाट कस्बा स्थित क्रय-विक्रय समिति परिसर में नगर पंचायत की तरफ से बनवाया गया सुलभ शौचालय बदहाल है। शौचालय के दरवाजे जर्जर हालत में हैं। चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है।
यूरिनल के पास फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण इसका प्रयोग करना तो दूर, पास से गुजरना भी मुश्किल है। संतोष कुमार, अजय यादव, सचिन श्रीवास्तव, अरविंद राय और कन्हैया का कहना है कि सुलभ शौचालय के संबंध में नगर पंचायत कार्यालय में शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
दोहरीघाट नगर पंचायत स्थित क्रय-विक्रय समिति परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2021 में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। शौचालय बनने के कुछ दिनों तक साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर रहीं, लेकिन धीरे-धीरे यह निष्प्रयोज्य होता चला गया।
इस संबंध में इस बाबत अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि शौचालय को सुचारु रूप से चलाने के लिए शीघ्र ही एक कर्मचारी की तैनाती की जाएगी।