मऊ। आगामी 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रदेश के सभी जिलों के साथ ही मऊ में भी ब्लैक आउट मॉकड्रिल किया जाएगा। डीएम प्रवीण मिश्र ने बुधवार को मॉकड्रिल तैयारियों के लिए बैठक में जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि 23 जनवरी की शाम 6 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से डीडीएमए, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के साथ ब्लैक आउट मॉकड्रिल किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। इसके लिए स्थान, स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों आदि को चिह्नित करना है। बताया कि इस दौरान पूर्ण ब्लैक आउट होगा। इस दौरान विद्युत निगम द्वारा संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करने, रोड लाइट बंद करने, इनवर्टर, मोबाइल बंद करना शामिल है। शाम छह बजे सायरन बजाया जाएगा और मॉकड्रिल शुरू होगी। इस दौरान हवाई हमले से बचाव के लिए लोगों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। घायल हुए लोगों को नागरिक सुरक्षा देना, प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करना, आग बुझाने के लिए फायर इंस्टीग्यूशर, फायर टेंडर व्हीकल का प्रयोग करने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने आदि की कार्रवाई होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अवधेश चौहान, सीओ सिटी कृष राजपूत, बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह आदि रहे।