मऊ। राजनीतिक पार्टियों से जुड़े नेता सालों से ब्लाक प्रमुखी के चुनाव की तैयारियों में लगे थे। अपनी रणनीति के चलते दावेदारों ने अपने परिजनों ,नजदीकी लोगों को बीडीसी का चुनाव लड़ाया। राजनीतिक दलों ने भी घोषणा किया कि वे प्रमुख पद के चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेंगे। जिले में प्रमुख पद पर चुनाव के लिए सभी ब्लाकों के प्रत्याशियों की घोषणा करके अन्य दलों से काफी आगे निकल गई है। बुधवार को ही भाजपा के सारे प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। जबकि सपा महज चार ब्लाकों पर ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर पाई। अन्य पांच ब्लाकों में सपा ने अपने प्रत्याशी न उतारकर मानो भाजपा को वाक ओवर दे दिया। बसपा तो एक भी ब्लाक में अपने प्रत्याशी नहीं उतार पाई।
वैसे सपा नेता पहले काफी जोर शोर से दावे कर रहे थे कि वे सभी ब्लाकों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। प्रमुखी के चुनाव की घोषणा होने से काफली पूर्व ही सपा ने तेजी दिखाते हुए चार ब्लाकों में अपने चार प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करके अपने को आगे रहने के दावे कर दिया। लेकिन सपा के चार प्रत्याशी तय होने के बाद अन्य ब्लाकों के लिए प्रत्याशी तय करने में उसे काफी समय लग गया। लेकिन पहले चुप्पी साधे भाजपा के अंदर प्रत्याशियों के नामों पर जिले से लेकर क्षेत्रीय नेतृत्व की ओर से मंथन चलता रहा।
इस बीच प्रमुख पद के चुनाव की घोषणा हो गई। चुनाव में काफी कम समय मिला लेकिन भाजपा ने अपनी रणनीति पर चलते हुए बाजी मार ली और नामांकन की तिथि से एक दिन पूर्व ही जिले के सभी ब्लाकों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। उधर घोषणा होते ही भाजपा प्रत्याशियों ने दो दो तीन तीन सेटों में नामांकन पत्र खरीद लिए। आज उनका नामांकन पत्र भरा जाएगा और वृहस्पतिवार को उनका नामांकन भी हो जाएगा। लेकिन सपा ने जिन पांच ब्लाकों में अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा ही नहीं की अब उन ब्लाकों में भाजपा प्रत्याशी को वाक ओवर मिलता नजर आ रहा है।
इन ब्लाकों में सपा के नहीं हैं प्रत्याशी
मऊ। सपा ने रानीपुर , रतनपुरा, परदहा, बड़रांव और दोहरीघाट ब्लाकों में अपने प्रमुख पद प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। सपा ने केवल कोपागंज, घोसी, फतेहुपर मंडाव और मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाकों में प्रमुख पद के प्रत्याशी घोषित किया है।