मऊ । दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के लारी पब्लिक स्कूल के पास मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर सोमवार देर शाम बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरे युवक का शहर के एक नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है, जहां हालत गंभीर बताई जा रही है।
दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के हमीनपुरा मोहल्ला निवासी नसीम (35) और इस्लामाबाद मोहल्ला निवासी फिरोज (30) एक ही बाइक से घर से शहर की ओर आ रहे थे। लारी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि रोडवेज बस में धक्का मार दिया जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने हादसे की सूचना दक्षिण टोला थाने की पुलिस को दी। सूचना पर उप निरीक्षक संतोष ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दोनों को शहर के एक नर्सिंग होम में ले जा रहे थे कि रास्ते में ही नसीम की मौत हो गई। फिरोज को शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नसीम की मौत के बाद उसके परिवार वाले शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। जानकारी पाकर पूर्व पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए पोस्टमार्टम होने की अनिवार्यता बताते हुए परिवार वालों को पोस्टमार्टम कराने के लिए की सलाह दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है। पूर्व पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि मृतक के दो बच्चे हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की यथासंभव मदद करने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष परमानंद मिश्रा का कहना है कि रोडवेज बस और चालक का पता लगाया जा रहा है।