मऊ। जिले में दुस्साहसी बदमाशों ने एक बार फिर दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया। रानीपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर 12 बजे धनतेरस पर बाजार से सोने का आभूषण खरीदकर गांव लौट रहे बाइक सवार युवक को बाइक पर आए दो बदमाशों ने तमंचा सटाकर सोने की चेन, खरीदा गया आभूषण सहित करीब एक लाख मूल्य का सामान छीनकर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पीड़ित ने घटना को लेकर थाने में तहरीर दी है।
तहरीर में रानीपुर थाना क्षेत्र के गोकुलपूरा गांव निवासी संदीप सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह ने बताया कि वह चेन्नई में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते है। दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए वह सोमवार की रात अपने गांव लौटा है। मंगलवार को वह धनतेरस पर सोने की कील खरीदने के लिए बाइक से बाजार गया हुआ था। यहां वह सामान खरीदकर अपने गांव वापस लौट रहा था।
अभी वह थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश जो कि पीछे से आए और उसे ओवरटेक कर रोका। उसके बाइक रोकते ही बाइक से उतरकर एक बदमाश ने तमंचा सटाकर उसके गले से सोने की चेन, उसके पॉकेट में रखा सोने की कील, एक हजार रुपये की नकदी तथा मोबाइल छीन लिया। बताया कि बदमाश जाते समय उसकी बाइक की चाबी निकालकर भी अपने साथ लेते गए।
बदमाशों के चले जाने के बाद पीड़ित ने करीब दो किमी दूर रानीपुर थाने पहुंचकर अपने साथ घटना की सूचना दी। लूट की जानकारी होने पर रानीपुर एसओ बृजमोहन सरोज के वीआईपी ड्यूटी में होने पर काझा चौकी इंचार्ज संजय उपाध्याय मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।