रानीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर बाजार के पास शनिवार की शाम तिलक समारोह से घर लौट रहे चिरैयाकोट थाना के हुसैनाबाद निवासी इंद्रजीत गौतम (56) और उनके चचेरे भाई राम नगीना (60) अज्ञात कार की टक्कर से घायल हो गए।
उपचार के दौरान इंद्रजीत गौतम की मौत हो गई, जबकि उनके भाई राम नगीना का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई रामजीत की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंद्रजीत और राम नगीना दोनों बाइक से सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अछार गांव में तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर चिरैयाकोट स्थित हुसैनाबाद अपने घर लौट रहे थे।
रानीपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर के पास विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। सड़क पर लहूलुहान पड़े दोनों घायलों को स्थानीय सीएचसी लाया गया।
दोनों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान इंद्रजीत की मौत हो गई, जबकि घायल को रेफर के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के भाई राम नगीना की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
मृतक को दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। वह घर पर रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
90 दिनों में 75 हादसों में 43 मौतें
दुर्घटना से देर भली। यह पोस्टर कई बार हाईवे, एक्सप्रेसवे और शहर की सड़कों पर देखने को मिलते हैं, लेकिन वाहन चालक इस मामूली से नियम का भी पालन नहीं करते। जागरूकता के अभाव में बीते 90 दिन यानी जनवरी से 30 मार्च तक 75 हादसे हुए हैं। इसमें 43 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, जबकि घायलों की संख्या 100 से अधिक रही। इन हादसों में बाइक चालकों की मौत 60 फीसदी रही है। इनमें 70 फीसदी मामलों में हेड इंजरी से मौत हुई है। घटना के समय अधिकांश बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी की जांच सहित लोगों से पूछताछ कर रही है।
-अख्तर अली, प्रभारी थानाध्यक्ष रानीपुर