सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात डिवाइडर से बाइक टकराने से मुकेश (27) की मौत हो गई। वह गाजीपुर जिले के गांवों में बर्तन बेचकर लौट रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के नया पुरवा निवासी मुकेश आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर में किराये के मकान में रहकर घूम-घूमकर बर्तन बेचता था। बुधवार को वह बर्तन बेचने के लिए गाजीपुर जिले के गांवों में गया था।
लौटते समय बुधवार रात सरायलखंसी थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।