मधुबन / फतहपुरमंडाव। मधुबन थाना क्षेत्र के बहरमपुर चट्टी के पास शुक्रवार की देर रात 11 बजे बेकाबू बाइक सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर मृतक का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना के लोहरा गांव निवासी अदनान (19) पुत्र अरशद मधुबन थाना के लकुरा गांव में अपने रिश्तेदार के यहा आया था। शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे बाइक से वह अपने रिश्तेदार रियाज (19) पुत्र आबिद और आसिफ (16) पुत्र सलाउद्दीन के साथ बाइक से मधुवन की तरफ गए हुए थे। जहां वापस गांव लौटने के दौरान अभी वह मधुबन -दोहरीघाट मार्ग के बहरामपुर चट्टी के पास बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे के समय हेलमेट न लगाने के चलते बाइक चला रहे अदनान के सिर और सीने में गम्भीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठे रियाज और आसिफ घायल हो गए। सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची औऱ दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया।वहीं अदनान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।