हलधरपुर थाना क्षेत्र के भुड़सुरी गांव में रविवार की शाम चार बजे बाइक की टक्कर से भैंस चरा रहे वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के भुड़सुरी गांव निवासी रामचंद्र यादव (60) रविवार की दोपहर भैंस चराने के लिए घर से निकले। भैंस चराते हुए गांव में ही रतनपुरा से भीमपुरा जाने वाली निर्माणाधीन सड़क के किनारे खड़े थे। तभी रतनपुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक सड़क पर बने गड्ढे में उछल कर रामचंद्र से टकरा गई। इसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के घर के लोग दौड़े तब तक चालक बाइक लेकर फरार हो गया। उसमें से किसी ने बाइक के नंबर प्लेट का फोटो कैमरे में कैद कर लिया। स्थानीय लोग आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक हलधरपुर हरेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र धनजीत यादव ने बाइक के नंबर के आधार पर तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।