कोपागंज/रतनपरा। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की मधुर बेला निकट आ गई है। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों ने जो संकल्प लिया था, जो सपने संजोए थे, वह साकार होता दिख रहा है। जो लोग इस घड़ी के साझेदार बन रहे हैं, उनमें तो उत्सुकता है ही लेकिन अयोध्या से सुदूर बैठे लोगों में उत्साह दोगुना दिख रहा है। कई स्थानों पर 24 घंटे का हरिकीर्तन शुरू हो गया।
इसी क्रम में क्षेत्र के ढांणाचवर में एक व्यक्ति के आवास पर ग्रामीणों की बैठक हुई। इसमें पांच अगस्त को राम जन्मभूमि के निर्माण के लिए भूमि पूजन के दिन पूजा पाठ के साथ पूरे गांव में पांच हजार दीप जलाकर दीपोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया। भारत भीम ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपनी जीवन शैली से एक मानव और समाज के लिए आदर्श स्थापित किया। अब 500 साल बाद श्रीराम जन्मभूमि को न्याय मिला है जो हम लोगों के गौरव की बात है। इसीलिए पांच अगस्त को भूमि पूजन के दिन सभी ग्रामीण 5000 दीपक जलाकर इस अलौकिक उत्सव में भाग लेंगे।
बबलू चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को रामजन्म भूमि के निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे जो अलौकिक होगा। कोरोना महामारी के चलते इस अलौकिक दृश्य को देखने से वंचित होने के चलते हम लोग पूजा पाठ के साथ पूरे गांव में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएंगे। देवनारायण गोंड, बीरबल चौहान, अभय चौहान, राम अवध चौहान, अजय चौहान, राम समझ चौहान, मुकादम चौहान, अभिमन्यु चौहान आदि शामिल रहे। इसी क्रम में क्षेत्र के समाजसेवी आशीष कुमार सेवक की अध्यक्षता में मुस्तफाबाद स्थित कुटी पर ग्रामीणों की हुई। इसमें पांच अगस्त को रामजन्म भूमि के निर्माण के लिए भूमि पूजन के दिन दीपोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया। रामजन्म भूमि के निर्माण के लिए भूमिपूजन के क्रम में मुस्तफाबाद गांव स्थित बाबा मोहन दास कुटी पर 24 घंटे का राम नाम का हरिकिर्तन भी शुरू किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सभी कार्य किया गया।