ब्लाक रतनपुरा के सेमराजपुर गांव से रविवार की रात को सरकारी अनाज कालाबाजारी के लिए ले जा रहे ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया और एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सेमराजपुर ग्राम पंचायत से रविवार की देर रात एक ट्रैक्टर चावल लादकर कहीं जा रहा था। भीमहर चट्टी पर ज्यों ही ट्रैक्टर रुका ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। गांव के कुछ युवकों ने ट्रैक्टर को रुकवा लिया।
ट्रैक्टर पर लदे चावल-गेहूं के बारे में पूछा तो चालक अवाक रह गया और कुछ भी नहीं बताया। ग्रामीणों ने 100 नंबर पर डायल करके इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को चावल सहित थाने लाया।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर पर लदा चावल-गेहूं और चीनी कोटेदार के यहां से निकालकर कालाबाजारी को जा रहा था। इस संबंध में ग्रामीणों ने इसकी सूचना एसडीएम को भी दी।
खाद्यान्न पकड़ने वाले ग्रामीणों में अजय, प्रवीण, रिंकू, मुन्ना राजभर, उमेश यादव, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे। इस संबंध में एसडीएम जगदंबा सिंह का कहना है कि मामले में जांच एसएमआई को सौंपी गई है।
एसएमआई के जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि चावल सरकारी कोटे का है कि प्राइवेट। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।