ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए होने वाले मतदान की तैयारियों की समीक्षा मंडलायुक्त आरपी गोस्वामी और डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव ने की। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में कमिश्नर ने सभी मजिस्ट्रेटों को हिदायत दी कि जन सामान्य के साथ वे लोग शालीनता से पेश आएं, लोगों में आदर्श पेश करें। लेकिन अराजक तत्वों के साथ पूरी कड़ाई करें।
ग्राम प्रधान और सदस्य पदों के लिए मतदान 28 नवंबर, पहली दिसंबर, पांच दिसंबर और नौ दिसंबर को मतदान होना है। 12 दिसंबर को मतगणना होगी। चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा पुलिस लाइन के सभाकक्ष में मंडलायुक्त आजमगढ़ आरपी गोस्वामी ने की।
आयुक्त ने सभी पुलिस एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि अपने आचरण में शालीनता जाएं। जनता के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करें। लेकिन चुनाव के दौरान यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाए तो उसके विरुद्घ कड़ाई से कार्रवाई भी करें।
डीआईजी आजमगढ़ मंडल रतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर संवेदनशील बूथों का निरीक्षण कर लें।
कहा, यदि किसी प्रकार की लापरवाही की गई तो जिस एसओ के क्षेत्र में कोई घटना होगी तो वह जिम्मेदार होंगे। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बूथों का निरीक्षण कर लें। जो कमियां नजर आएं उसे मतदान से पहले ही दूर करा लें।
पुलिस अधीक्षक शिव प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि जिले में पर्याप्त पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स उपलब्ध है। संवेदनशीलता के आधार पर इनकी तैनाती की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 90 मोबाइल टीमें मतदान के दिन भ्रमण करेंगी। यदि किसी भी बूथ पर कोई विवाद होता है तो पांच मिनट में टीम ोबाइल टीम संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंच जाएगी।
अपर जिलाधिकारी समीर वर्मा द्वारा सभी उप जिलाधिकारी एवं आरओ को विस्तृत निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन-जिन गांवों में कम उम्र के बच्चे मतदाता बन गए हैं, उनकी जांच की जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरिजेश कुमार त्यागी, सभी उप जिलाधिकारी, समस्त सीओ सेक्टर मजिस्ट्रेट, थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।