मऊ। नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर प्रकाश, निर्माण, जलकल और सफाई से संबंधित सभी प्रकार की व्यवस्था के प्रति पालिका अधिकारियों के साथ कार्यालय में विशेष समीक्षा बैठक की। बैठक में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने नगर के समस्त क्षेत्रों में सफाई, प्रकाश, पथ, रास्ता मरम्मत तथा जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर जायजा लेते हुए अधिकारियों को तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। बताया कि शहर स्थित लगभग 54 ईदगाहों में 17 जून को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज अदा की जाएगी, देख-रेख और सुरक्षा की दृष्टि से पालिका कर्मचारियों की भी तैनाती की जानी है। नगर में नमाज वाली मस्जिदों सहित संबंधित रास्तों की सफाई के लिए नगरपालिका के कर्मचारी लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि आज बैठक का उद्देश्य ईद-उल-अज़हा के त्योहार के मद्देनजर समस्त नालों नालियों, पथ-प्रकाश, जलापूर्ति एवं अन्य आवश्यक तैयारियों तथा कुर्बानी के बाद जानवरों के शेष-अवशेषों के निपटारे के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कुर्बानी के बाद कुर्बानी के जानवरों के अवशेषों को पालिका द्वारा निस्तारित करने के लिए शहर भर में जगह-जगह लगभग 50 छोटे-गड्ढे तथा 20 बड़े गड्ढे खोदकर दफनाने का प्रबंध किया गया है। सफाई के लिए सभी क्षेत्रों में उचित संख्या में सफाईकर्मी भी लगाए जायेंगे। नगर क्षेत्र में आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों को लगाया जाएगा। समीक्षा बैठक में मुहम्मद इस्माईल, अब्दुस्सलाम शामियाना, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक-सत्य प्रकाश, नरेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, जलकल जेई पंकज वर्मा, सिविल जेई मनोज कुमार सोनकर, सिविल जेई-रमेशचंद, निर्माण लिपिक-धर्मेंद्र कुमार पांडेय आदि शामिल रहे।
विशेष जगहों पर लगेंगे पानी के टैंकर, ब्लिचिंग पाउडर के छिड़काव का इंतजाम
विशेष जगहों पर नगरपालिका की ओर से टैंकर लगाए जाएंगे। आवश्यकतानुसार जेसीबी की तैनाती करने का भी दिशा निर्देश दिया। सफाई के लिए सभी नाले, नालियों और अन्य प्वाइंट्स पर भी ब्लिचिंग पावडर के नियमित छिड़काव का निर्देश दिया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सफाई के मद्देनजर नगरपालिका की ओर से छोटे नालों एवं नालियों की सफाई कर ली जाएगी।
29 बड़े नालों की सफाई के लिए टेंडर जारी
नगर पालिका के चेयरमैन अरशद जमाल ने बताया कि 29 बड़े नालों की सफाई के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। काम भी शुरू हो चुका है। किसी भी स्तर से यदि कोई लापरवाही पायी जाती है तो संबंधित के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।