फतेहपुर मंडाव ब्लॉक की न्याय पंचायत दुबारी स्थित कंपोजिट विद्यालय गंगऊपुर में बृहस्पतिवार को विद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। प्राथमिक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में बजरंगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुश्ती में गणेश चौहान विजेता रहे। जूनियर वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आदित्य ने बाजी मारी। बालक वर्ग के चक्रक्षेपण (डिस्कस थ्रो) और गोला क्षेपण (शॉटपुट) में सलीम प्रथम रहे। बालिका वर्ग में आंचल यादव ने दोनों स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया। प्राथमिक स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में बच्चों की टीम विजेता बनी।
प्रधानाध्यापक सूर्यभान शर्मा ने विजेताओं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना बढ़ती है। ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है। इस अवसर पर प्रेमसागर, शिवकुमार सिंह, पप्पू, मोहम्मद मुर्तजा और विकास सहित विद्यालय के शिक्षक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।