शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजार में होली के लिए रंग, पिचकारी, खाने के सामान और कपड़े बिक रहे हैं। तीन मार्च को होलिका दहन और चार को रंग और गुलाल खेला जाएगा। बच्चों की बाहुबली, अमेरिकन, फाॅग सिलिंडर और प्रेशर पिचकारी पसंद बन रही हैं।
घरों में विशेष तैयारियां चलने लगी हैं, तो बाजार में होली का रंग चढ़ने लगा है। इस बार बाजार में विभिन्न प्रकार के आइटम उपलब्ध हैं। नए तरह की पिचकारी, फायर सिलिंडर, पटाखे की तरह चलने वाला गुलाल इस बार लोगों को अधिक आकर्षित कर रहा है।
रंग और पिचकारी बनाने वाली कंपनियों ने इस बार बाजार में नया प्रयोग किया है। बाहुबली पिचकारी, अमेरिकन पिचकारी, कैप्टन पिचकारी, काॅर्टून पिचकारी, प्रेशर पिचकारी, फाॅग सिलिंडर, स्मोक फाउंटेन, कलर वाले अनार, खिलौने वाली पिचकारी बच्चों की पसंद बनी हुई हैं।
बाजार में सामान्य टोपी के अलावा बाल वाली टोपी, मुखौटों में शेर, चीता, डोरेमॉन के अलावा डरावने चेहरे वाले मुखौटे मौजूद हैं। पानी में घुलने वाले रंगों के साथ रंगबिरंगे फाॅग स्प्रे, विभिन्न प्रकार के गुलाल भी लोगों को उत्साहित कर रहे हैं।
बच्चों में भी होली का उत्साह देखा जा रहा है। लोग बच्चों के लिए पिचकारी, रंग, गुलाल, मिठाई और कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। सहादतपुरा के विशाल गुप्ता का कहना है कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए अलग-अलग प्रकार के मुखौटे और रंग-गुलाल मंगवाए गए हैं।
सदर चौक, भीटी, सहादतपुरा शहर के समेत हर तरफ दुकानें सजी हुईं हैं। यहां ग्राहकों की आवक से दुकानदारों में खुशी का माहौल है। होली में खाने-पीने वाले सामानों की भी खरीदारी तेज हो गई है।
नमकीन, पापड़, चिप्स और कचरी खरीद रहे हैं। बाजारों में गुझिया मेकर की जमकर बिक्री हो रही हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है। सड़क किनारे दुकानें सज गई हैं। ड्राई फूड, सूजी, मैदा और रिफाइंड तेल की मांग बाजार में बढ़ी है।