मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों में 22 अगस्त से बैगलेस डे की शुरुआत होगी। यह अभियान 14 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को बच्चों को स्कूल बैग और किताबों के बोझ से मुक्त रखते हुए उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।
इसका उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ गतिविधियों और व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने का अवसर देना है।
जिले के 1,208 परिषदीय विद्यालयों में करीब 1.25 लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। बैगलेस डे के दौरान विद्यार्थियों को सामान्य दिनों की तरह भारी स्कूल बैग लेकर विद्यालय नहीं आना होगा। हर शनिवार उनके लिए अलग-अलग गतिविधियां निर्धारित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक क्षमता, संवाद कौशल, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।