नगर में तमसा नदी के बच्चन घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास करते नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके श
मऊ। तमसा नदी के ऐतिहासिक बच्चन घाट के समग्र विकास, निर्माण और सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास बुधवार को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने किया। 11.68 करोड़ की लागत से प्रस्तावित परियोजना से जिले के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन परिदृश्य को नई ऊर्जा मिलेगी।
तमसा तट के घाट को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कर इसे प्रदेश के प्रमुख आकर्षण स्थलों में शामिल किया जाएगा। परियोजना के तहत घाटों की मजबूती, चौड़ीकरण, सीढ़ियों के निर्माण, लाइटिंग, पाथवे, सुरक्षा रेलिंग, सफाई प्रणाली, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था और रिवर फ्रंट व्यू के जरिए सुंदरीकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही, नदियों की स्वच्छता और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अनेक उपाय भी किए जाएंगे, इससे घाट आने-जाने वालों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण मिल सके। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तीव्र गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। कहा कि मऊ जिले की धार्मिक और सामाजिक महत्ता को देखते हुए तमसा नदी किनारे स्थित बच्चन घाट को आधुनिक स्वरूप देना आवश्यक था।
यह विकास कार्य न केवल स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि आने वाले समय में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “स्वच्छता एवं सुशासन” संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए प्रदेश में नदी घाटों, धार्मिक स्थलों एवं यातायात संबंधी ढांचों को लगातार उन्नत किया जा रहा है। बच्चन घाट परियोजना इन्हीं प्राथमिकताओं का एक सशक्त उदाहरण है।