पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों अयोध्या में होने वाले श्री राम मंदिर के शिलान्यास की खबर से मऊ के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा किये गए आह्वान पर विश्व हिंदू परिषद की जिला इकाई द्वारा जिले के महत्वपूर्ण चार धार्मिक स्थलों के जलकुंडों से लिए जल और पावन भूमि की पवित्र मिट्टी को संकलित कर पिछले बृहस्पतिवार को अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि पहुंचाया गया।
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष भानु प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि आगामी 5 अगस्त को अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए जनपद से विहिप कार्यकर्ताओं ने जिले के वंनदेवी धाम, करहां गुरादरी धाम, देवलास सूर्यमंदिर और इंदारा मां दुर्गा मंदिर से एकत्रित पवित्र जल और मिट्टी लेकर एक अगस्त को अयोध्या पहुंच कर एकत्रित पूजन कर माटी और मंगल कलश में भरे जल को अयोध्या पहुंचाया गया। अयोध्या गए कार्यकताओं में विहिप के जिला अध्यक्ष भानू प्रकाश पांडेय, प्रांत सहमंत्री शैलेंद्र सिंह, अमित पांडेय और लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता रहें। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि अयोध्या नगरी भविष्य में आस्था व पर्यटन का मुख्य केंद्र बनेगी।