मुहम्मदाबाद गोहना। रानीपुर थाना क्षेत्र के लखनुआ बाड़ी निवासी रंजना ने पति पर गला दबाकर जान से मारने और कुल्हाड़ी से प्रहार करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पति और दो ननदों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रंजना का आरोप है कि उसकी शादी वर्ष 2006 में लखनूआवाड़ी निवासी लालन राजभर से हुई थी। आरोप है की शादी के बाद ही पति उससे रोजाना मारपीट करता था। किसी तरह वह ससुराल में रही। इस बीच बेटे और बेटी की मां बनीं। आरोप है कि पति लालन ने विगत आठ जून को बहन सीमा और मीना के ललकारने पर हत्या की नियत से गला दबाने का प्रयास किया। किसी तरह वह जान बचाकर भागी तो पति ने उस पर कुल्हाड़ी से वार किया, इससे उसके पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना को लेकर पुलिस को सूचना दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसपी इलमारन जी को शिकायती पत्र दिया। एसपी के आदेश पर पति लालन और दो ननदों सीमा और मीना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।