मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह में सोमवार की दोपहर एक दुकानदार से बाइक सवार बदमाशों ने छिनैती की घटना को अंजाम देना चाहा। लेकिन दुकानदार की सक्रियता के चलते रुपया छीनकर भाग रहे एक बदमाश को स्थानीय लोगों ने धरदबोचा। वहीं बदमाश के दो साथी भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस को सौंप दिया।
मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह में सीकरीकोल निवासी दीपक यादव की मोटर पार्ट्स की दुकान है। सोमवार की दोपहर में वह अपनी दुकान के बगल में खजुआ निवासी रोशन सैनी के फूल माला की दुकान में बैठा था। इसीबीच बाइक सवार तीन लोग आए। यहां उन्होंने दीपक से पांच सौ रुपये का चेंज मांगा, इस पर उन्हें चेंज देने के लिए दीपक ने जैसे ही जेब से राशि निकाली। बदमाशों ने दीपक के हाथ से उसका मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश की।
इस दौरान दीपक ने अन्य दुकानदारों ने सक्रियता दिखाते हुए बाइक सवार बदमाशों को पकड़ना चाहा। इससे बाइक अनियंत्रित होने से बाइक लड़खड़ा कर गिर गई। इस बीच एक बदमाश ने दुकानदारों पर तमंचा भी लगा दिया, लेकिन दुकानदारों ने हिम्मत दिखाई तथा एक बदमाश को धरदबोचा। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ बदमाश को पुलिस को सुपर्द कर दिया। एसओ मधुबन सौरभ राय ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की शिनाख्त घोसी कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर हसनपुर निवासी ओम सिंह पुत्र अजय कुमार सिंह के रूप में हुई। बताया कि तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।