ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी की आग ने चार दुकानों को राख कर दिया। दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा चौक के निकट भीड़ भाड़ वाले स्थान पर लगी आग से हड़कंप मच गया।
आग बुझाने के प्रयास में कटरैन पर चढ़े लोग गिर भी गए। इसमें दो लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। आसपास के लोगों एवं फायरब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा चौक के निकट मुस्तफा आटो पार्ट्स की दुकान में अंगीठी जलाकर दुकानदार एवं ग्राहक अलाव ताप रहे थे।
इस दौरान अंगीठी से निकली चिंगारी छिटककर दुकान में रखे सामानों तक पहुंच गई। दुकान में रखे मोबिल आदि ने आग में घी का काम किया और देखते ही देखते पूरी दुकान एवं पीछे के पावरलूम रखे मकान धू-धूकर जलने लगे।
आग की लपट इस कदर थी आसपास की चार दुकान को प्रभावित की। इसमें रखा लगभग 16 लाख से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया।
आग से उठे धुंआ को देखकर मौके पर जुटे सैकड़ों लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग बुझाने के प्रयास में एक कटरैन पर दस से 15 लोग चढ़ गए। भार पड़ने के चलते कटरैन धराशाही हो गया।
इसमें मुश्ताक एवं इसका भाई हाजी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंचे फायरब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी प्रकार काबू पाया।
आग से मुश्तफा के जनरल स्टोर का सामान, दो पावरलूम, एक आटो रिक्शा जलकर राख हो गया। वकील पुत्री हाजी के आटो पार्ट्स की दुकान , हाजी पुत्र मुहम्मद फारुख के आटो पार्ट्स की दुकान का सामान एवं मुख्तार पुत्र हाजी के दुकान में मोबिल आदि जलकर राख हो गए। फायरब्रिगेड कर्मियों ने क्षति का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट तैयार की है।