मधुबन। थाना क्षेत्र के मीरपुर मदरही गांव निवासी अनिता देवी की शिकायत और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मारपीट के मामले में पुलिस ने बुधवार शाम सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि विवादित जमीन पर नींव खोदाई से मना करने पर मारपीट हुई।
प्राथमिकी के अनुसार, अनिता देवी का आरोप है कि 23 दिसंबर 2025 की शाम करीब पांच बजे गांव निवासी अजीत चौहान, अविनाश चौहान, गायत्री, सविता, मिंता, रमेश और जयत्री लाठी-डंडे और फावड़े से लैस होकर उनकी जमीन पर जबरन दीवार बनाने के लिए नींव खोद रहे थे।
विरोध करने पर आरोपित उनके पति कमलेश को मारने के लिए दौड़ा लिए। जब वह घर में भागे तो सभी जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि अनिता, उनके पति और बेटे आनंद के साथ मारपीट की गई। फावड़े से घर के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अनिता ने आरोप लगाया कि लिखित सूचना देने जब वह मधुबन थाने पहुंचीं तो पुलिस ने आरोपितों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ितों को ही हिरासत में बैठा लिया।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने एक्स-रे कराने की सलाह दी, लेकिन पुलिस ने एक्स-रे नहीं कराया। विपक्षी की तहरीर पर उल्टा उनके खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद