यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में आशुतोष तिवारी ने 96.04 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया। हालांकि सूबे में जनपद का प्रदर्शन निराशजनक रहा। जिले से 58839 छात्रों ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी जिसमें 33084 छात्र तथा 25755 छात्राएं थीं।
जनपद टॉप करने वाले आशुतोष का कहना है कि इस मुकाम को हासिल करने के लिए उन्होंने प्रति दिन आठ घंटे कड़ी मेहनत की। इसी का परिणाम है कि आज वे अव्वल हैं। आशुतोष तिवारी नगर क्षेत्र के औरंगाबाद मुहल्ला स्थित डीएवी इंटर कालेज के छात्र हैं। दूसरे नंबर पर सुभागी देवी इंटर कालेज मधुबन की छात्रा साधना मौर्य रहीं। साधना ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है।
साधना का लक्ष्य इंजीनियर बनने का है। 95.8 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सुजाता पांडेय सुभागी देवी इंटर कालेज मधुबन की छात्रा हैं। सुजाता आईएएस बनने का लक्ष्य संजोयी हैं। सुभागी देवी इंटर कालेज मधुबन की छात्रा प्रियंका यादव 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथे स्थान पर हैँ।
इसी विद्यालय की सोनम मौर्य ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया। आरबीएस इंटर कालेज पारा की छात्रा पूर्णिमा यादव ने 95.4 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। शहीद इंटर कालेज मधुबन के छात्र अखिलेश मल्ल ने 94.8, नेशनल इंटर कालेज नदवासराय की पूजा यादव ने 94.8 प्रतिशत, संत कबीर इंटर कालेज चचाईपार की अंजली राजभर, 94.4 प्रतिशत, संत कबीर इंटर कालेज मधुबन के आयुष गुप्ता ने 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र में अपना स्थान बनाया। महर्षि दयानंद इंटर कालेज लखनी मुबारकपुर की दिव्या यादव ने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर क्षेत्र, विद्यालय के साथ जिले का नाम रोशन किया।
अब छात्रों को स्तानक कक्षाओं में दाखिले की जंग लड़नी है। अगले एक हफ्ते में ही विभिन्न विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाएं होनी हैं। साथ ही स्थानीय डिग्री कालेजों में भी इस प्रवेश के लिए मारामारी होने की उम्मीद है।