पंचायत उप चुनाव में जिले में रिक्त 53 पदों पर 27 पदों के लिए विभिन्न ब्लाकों में नामांकन दाखिल किया था। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच में क्षेत्र पंचायत का पर्चा निरस्त हो गया। इस दौरान कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें सिर्फ प्रधान पद के एक पद पर दो नामांकन होने के चलते 30 सितंबर को चुनाव हो सकता है। बाकी पदों पर अब एक-एक प्रत्याशी होने के चलते वह निर्विरोध होंगे। आज प्रतीक चिह्न आवंटन होगा।
जिले में रिक्त पदों पर पंचायत उप चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी की है। जिले में घोसी ब्लाक के सोमारीडह गांव में एक प्रधान पद का पद रिक्त था, जब कि दोहरीघाट ब्लाक के गोंठा में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य का पद रिक्त था। इसके अलावा विभिन्न ब्लाकों में कुल 27 पदों के लिए 27 नामांकन दाखिल हुए। इसके अलावा 23 रिक्त पदों पर एक भी नामांकन दाखिल नहीं हो सका। दोहरीघाट ब्लाक के गोंठा क्षेत्र पंचायत वार्ड नंबर 75 में भोला एवं बबलू ने नामांकन दाखिल किया था। एक का पर्चा त्रुटियों के चलते निरस्त हो गया।
सदस्य पदों पर रानीपुर में तीन पदों पर तीन, बड़रांव में 33 पद हैं, जिनमें 15 पदों पर 15 प्रत्याशी, दोहरीघाट में सात पदों पर सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। फतहपुर मंडाव ब्लाक के दो रिक्त पदों पर एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल करने में रुचि नहीं दिखाई। सहायक निर्वाचन अधिकारी नन्हकू यादव ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन वापसी एवं प्रतीक चिह्न आवंटन होगा एवं 30 सितंबर को मतदान की तिथि है।