महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार को घोसी नगर स्थित सर्वोदय पीजी कॉलेज के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सुभासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री के प्रतिनिधि विनोद सिंह फागू ने नव नियुक्त सात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलते ही उनके चेहरे खिल उठे। मुख्य अतिथि विनोद सिंह फागू ने कहा कि सरकार नारी शक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। महिलाओं को रोजगार, सम्मान और स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गांवों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में सीडीपीओ, खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।