नवागत पुलिस अधीक्षक शिवप्रताप उपाध्याय ने शनिवार को कार्यभार संभाला। इसके उपरांत पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव, त्योहार और अपराध पर पुलिस का ज्यादा ध्यान केंद्रित रहेगा। पुलिस के सामने यही तीन सबसे प्रमुख चुनौती है। कहा कि अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह से नकेल कसी जाएगी और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहा कि जिले में त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए उनका प्रयास रहेगा कि सौहार्द के साथ लोग एक दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। किसी प्रकार के माहौल खराब होने की दशा में तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध शुरुआती कार्रवाई की जा सके।
कहा कि त्योहार में व्यवधान डालने वाले कत्तई बख्शे नहीं जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने को लेकर कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर यहां पहले ही कार्रवाई हो चुकी है। चुनाव में अपराधिकयों पर विशेष नजर रहेगी।
अपराधी अगर किसी प्रकार का चुनाव में दखलअंदाजी कर अपना दबाव बनाने का प्रयास किए तो उनके गुर्गों की खैर नहीं। कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जाएगा।
इसके लिए थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार जनता की समस्याओं का निराकरण एवं अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सभी प्रकार के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक शिवप्रताप उपाध्याय वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पूर्व पीएचक्यू में एसपी कार्मिक के पद पर तैनात थे।