नगर पंचायत अदरी के सभासदों ने मंगलवार को नगर पंचायत अदरी कार्यालय के मुख्य गेट पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी सभासदों का कहना था कि नगर पंचायत कार्यालय में वे लोग चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी का इंतजार करते रहे, लेकिन अधिशासी अधिकारी नहीं आए। इसके कारण बोर्ड की बैठक निरस्त कर दी गई। अब बोर्ड की बैठक जून माह के पहले सप्ताह में होगी।
नगर पंचायत अदरी में छह माह बाद मंगलवार को बोर्ड की बैठक निर्धारित की गई थी। इसे लेकर चेयरमैन सहित सभासद कार्यालय में एकत्र हो गए थे, लेकिन पूरे दिन इंतजार करने के बाद अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार कार्यालय नहीं पहुंचे। इससे नाराज होकर सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
सभासदों का आरोप था कि अधिशासी अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते हैं, जिससे जनता की समस्याओं के समाधान में दिक्कत होती है। इस अवसर पर सभासद प्रिंस गुप्ता, रघुबीर राजभर, चंदन गुप्ता, सतीश मौर्य, हरिकेश, अकील अंसारी, अफरोज आलम, तारकूल इस्लाम, इम्तियाज अहमद आदि शामिल रहे।