इलाके में कचिया के बढ़ते कारोबार के खिलाफ लोगों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। इसी को लेकर रविवार को दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मांदी सिपाह पुलिस चौकी को महिलाओं ने घेर लिया।
जमकर प्रदर्शन करते हुए इलाके में कचिया शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारोबारियों को गिरफ्तार करने की मांग की। किसी तरह से चौकी प्रभारी के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं। महिलाओं ने मांग की कि क्षेत्र में कचिया शराब के बनाने और इसकी बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए।
रविवार को क्षेत्र के मांदी दुल्लह गांव की सैकड़ो महिलाएं मांदी बाजार में एकत्र हुई। जहां से वे जुलूस निकालकर प्रशासन विरोधी नारा लगाते हुए मांदी सिपाह पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी का घेराव किया।
पुलिस चौकी का घेराव कर रही महिलाओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। पुलिस चौकी का घेराव कर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में ईट भट्ठों पर कचिया शराब का करोबार जड़ जमा चुका है।
इससे इलाके में दारुबाजी की प्रवृत्ति बढ़ गई है। प्रतिदिन कचिया शराब पीकर नशेड़ी उत्पात और महिलाओं से अश्लील हरकतें करते हैं। ऐसे में क्षेत्र में अशांत माहौल है। कचिया शराब के कारण घरों में गृहकलह की भी नौबत आ गई है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गोरखधंधे बाज भट्ठा मालिकों को पुलिस को संरक्षण प्राप्त है।
जिसके कारण यह अवैध कारोबार फल फूल रहा है। प्रदर्शन और घेराव करने वाली महिलाओं ने बताया कि कचिया शराब के अवैध कारोबार को तत्काल बंद कराया जाए। अगर ऐसा नही हुआ तो महिलाएं उग्र आंदोलन को बाध्य होंगी।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं को चौकी प्रभारी ने किसी तरह से समझाबुझाकर अवैध शराब के उत्पादन और बिक्री पर कार्रवाई करने की बात कही। जिसके बाद महिलाएं शांत होकर अपने घर चली गई। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में गुलैची, सुमन, सावित्री, राधिका, तारा देवी, देववंती, भोलाप्रसाद, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।