फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में मंगलवार की सुबह बगीचे में गिरे आम पर हक जताने को लेकर बच्चों ने एक बालक से मारपीट कर ली। जानकारी होने पर मामला सुलझाने गईं बालक की दादी की मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी। सूचना पर रामपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में बेटे ने दस लोगों के खिलाफ रामपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने नौ लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बहादुरपुर गांव निवासी हरदयानंद यादव ने बताया कि उनका तीन साल का बेटा नित्यानंद सुबह लगभग 11 बजे गांव में एक सार्वजनिक स्थान पर पेड़ से गिरे आम बीन रहा था। गांव के नौ और बच्चे भी आम बीन रहे थे। आम को लेकर इन बच्चों ने नित्यानंद से मारपीट कर ली। हरदयानंद ने बताया कि जानकारी होने पर उनकी 70 साल की मां तारा देवी पहुंची और बच्चों के झगड़े को सुलझाने का प्रयास करने लगीं।
आरोप लगाया कि इस बीच पंद्रह से बीस लोगों ने मां पर लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया। बताया कि गांव के लोगों के आने के बाद आरोपियों ने मां को छोड़ा। इसके बाद वह मां को निजी अस्पताल ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी इलामारन जी ने बताया कि मामला संज्ञान में है, रामपुर पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।