घोसी कोतवाली क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर में घोसी-मधुबन मार्ग पर मंगलवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में सुदर्शन कुमार (70) की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वह करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। पूरी घटना पास की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
करीमुद्दीनपुर निवासी सुदर्शन कुमार की मुहल्ले में ही बक्सा और ड्रम बनाने की दुकान है। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे वह दुकान के दूसरी तरफ पान खाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान घोसी से मधुबन की तरफ जा रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह बाइक के साथ घिसटते हुए करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। दुर्घटना में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने सुदर्शन कुमार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।