घने कोहरे में हाईवे और अन्य सड़कों पर हो रही दुर्घटना को देखते हुए जिला प्रशासन, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग के दोनों खंड अलर्ट हैं। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर रात दस से सुबह पांच बजे तक पेट्रोलिंग के लिए एंबुलेंस लगाई गई है।
घोसी चीनी मिल के बाहर सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को रिफ्लेक्टर टेप लगाया। इसके साथ ही सभी ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं।
गत दिवस जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ये निर्णय लिया गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक एंबुलेंस को पेट्रोलिंग के लिए लगाया गया है।
ये एंबुलेंस फोरलेन पर खड़े वाहनों को हटाती है। नेशनल हाईवे पर होल्डिंग एरिया और लिंक रोड पर शाइनेज बोर्ड लगा दिए गए हैं। नगर के बलिया मोड़ से बलिया की तरफ जाने वाली मार्ग पर रोड स्टड, ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप, सड़क के किनारे झाड़ियो की साफ-सफाई कराई गई है।
डेलीनियेटर लगाने, मोड़ वाले स्थलों पर सेवरान साइन बोर्ड लगाने और घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्पीड लिमिट का साइन बोर्ड लगाने का कार्य किया गया है। बड़े पुल या पुलिया के पहले हेजार्ड साइन बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
इन ब्लैक स्पॉट पर हुए कार्य
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा लखनऊ बलिया मार्ग पर चिह्नित ब्लैक स्पॉट चालीसवां पेट्रोल पंप, मढैया चट्टी, इदारतगंज, अमारी चौक, वाराणसी गोरखपुर मार्ग के शहरी भाग पर स्थित बलिया मोड़, सब्जीमंडी, भुजौटी पर रोड साइनेज, स्पीड टेबल टॉप और सफेद पट्टी मार्किंग, जेबरा क्रॉसिंग सुरक्षा के कार्य कराए गए हैं। राजमार्ग 149 पर स्थित जंक्शन खानपुर बुजुर्ग, कुचाई मोड़, मदीना मोड़, कुंडा शरीफ मोड़, ढिलई फिरोजपुर मोड़, लधुवाई मोड़, कमल सागर, छतरा मोड़ के पास स्थित विद्युत पोल पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का कार्य भी किया गया है।