मऊ। जिले की एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी के एंबुलेंस कर्मचारियों ने मंगलवार को सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने एडवांश लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सेवा बंद करने तथा कर्मचारियों को टर्मिनेट करने पर विरोध जताते हुए इस निर्णय को वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 108, एएलएस एंबुुलेस सेवा को समाप्त करने तथा एंबुलेंस पर कार्यरत इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन तथा पायलट को कार्यमुक्त करने का पत्र सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा किया गया है।
बोले कि कोरोना महामारी के इस काल में नौकरी से निकाले जाने की स्थिति में एंबुलेंस कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। जबकि इन कर्मचारियों ने इस कोरोना संक्रमण काल में अपने जान की परवाह न करते हुए कोविड- 19 के मरीजों को अस्पताल पहुंचाया है। मांग की एएलएस एंबुलेंस कर्मियों को पुन: 108,102 एंबुलेंस में सृजित किया जाए। ऐसा न कर पाने पर इस निर्णय को स्थगित करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सुनील कुमार, मनोज कुमार, आनंद चौहान, प्रदीप यादव, अविनेश राय, मोहन कुमार, रामप्रवेश यादव, शशि सिंह, विनोद भारती कर्मचारी मौजूद रहे।