घोसी। क्षेत्र के मुंगेसर गांव के लठिया पुरवे में खड़ंजा कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि दोयम दर्जे की ईंटें लगाने के बाद कमी छिपाने के लिए इस पर मिट्टी पाट दी गई है। इसके चलते जलभराव हो गया है। शिकायत के बाद भी मामले की जांच नहीं कराई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, गत सप्ताह पुराने खड़ंजे को उखाड़कर नया खड़ंजा लगाया गया था। इसमें दोयम दर्जे की ईंटों का प्रयोग किया गया है। पुराने खड़ंजे की ईंटें भी इस्तेमाल की गई हैं। नवनिर्मित खड़ंजे पर मिट्टी गिराकर ढक दिया गया है। इस मार्ग पर अब चलना दूभर हो गया है। रास्ते पर ही लठियां का प्राथमिक विद्यालय स्थित है। मार्ग से विद्यालय आने जाने वाले बच्चों सहित ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत ग्राम विकास अधिकारी दीप्ती पांडेय का कहना है कि खड़ंजा कार्य की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद