मऊ। कोरोना महामारी की स्थिति खतरनाक है। ऐसे में सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाकर कोरोना के मुद्दे पर बातचीत करनी चाहिए। ये बातें सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहीं।
सीपीआई नेता ने कहा कि महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश में करोना ने प्रदेश की 23 करोड़ जनता में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से कोरोना वैक्सीन की किल्लत की खबरें आ रही हैं। कहा कि राज्यपाल की ओर से राजनीतिक दलों की बुलाई गई बैठक भेदभाव के कारण प्रभावहीन हो गई है। इस बैठक में प्रमुख विपक्षी दल, सपा के नेताओं की अनुपस्थिति सहित राष्ट्रीय पार्टियों, प्रादेशिक पार्टियों के नेताओं को निमंत्रित न किया जाना राजनीतिक भेदभाव की पुष्टि करता है। ऐसी स्थिति में सभी दलों के नेताओं को बुला कर बात करना समय की मांग है। कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकांश मंत्री , सांसद प्रदेश को संकट में छोड़कर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं। लखनऊ में कोरोना से पीड़ित मरीजों के लिए अस्पतालों की बेड की कमी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की राज्य स्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है।