कस्बा स्थित संत गणिनाथ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिलेश यादव, उपाध्यक्ष पर अमरनाथ चौहान, महामंत्री राजू कुमार गुप्ता और पुस्तकालय मंत्री पद के लिए नीलम शर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव परिणाम के फौरन बाद ही विजयी प्रत्याशियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।
संत गणिनाथ राजकीय पीजी कालेज छात्रसंघ का चुनाव रविवार को संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक चले मतदान के दौरान कालेज में कुल नामांकित 2788 छात्रों में से 1547 छात्र छात्राओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
दोपहर 2 बजे से मतगणना प्रारम्भ हुई। परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अखिलेश यादव ने 689 मत प्राप्त कर सौरभ यादव पंकज को 80 मतों से हराया। सौरभ को कुल 609 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर अमरजीत चौहान ने 794 मत प्राप्त कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी मुलायम यादव 714 मत को 80 मतों से मात दिया। महामंत्री पद पर राजू कुमार गुप्ता 430 मत को निर्वाचित घोषित किया गया।
राजू गुप्ता ने 327 मत प्राप्त करने वाले सर्वेश यादव को 103 मतो के अंतर से हरा दिया। पुस्तकालय मंत्री पद के लिए छात्रसंध चुनाव में एकमात्र महिला प्रत्याशी नीलम शर्मा ने एकतरफा जीत हासिल किया। नीलम शर्मा ने 1206 मत प्राप्त कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतीश कुमार 214 मत को 992 मतों के भारी अंतर से हराया।
चुनाव परिणाम के बाद जीते प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थकों ने विजयी पदाधिकारियों को फूल माला से लाद दिया। परिणाम की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी। कालेज को 5 जनवरी तक के लिये बंद कर दिया गया है।