नगर क्षेत्र के बालनिकेतन स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद उन्होंने विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
आज के समय में चिकित्सक को भगवान माना जाता है। लेकिन प्रदेश सरकार और अधिकारियों के लचर रवैया से स्वास्थ्य विभाग पूर्ण रुप से भ्रष्ट हो चुका है। वर्तमान समय में करोड़ो रुपया विभाग में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है।अधिकारी जांच के नाम पर दौरा करते हैं लेकिन आज तक इन जांचों को कोई निष्कक्ष नही निकल सका।
सरेआम अस्पताल में बाहरी दवाईयां लिखी जा रही हैं।जिला उपाध्यक्ष बबलू यादव ने कहा कि जनता के पैसे को सपा सरकार और अधिकारी लूट रहे हैं। प्राइवेट अस्पताल से महंगा इलाज सरकारी अस्पतालों का हो चुका है। घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्रीय मांगपत्र एसडीएम सदर जगदंबा सिंह को सौंपा।
इस दौरान मुख्य रुप से दिग्विजय राय, बबलू शाही, विनीत तिवारी, देवेन्द्र राजभर, मुस्कान पांडेय, संजय विश्वकर्मा, अवधेश मौर्या, नीरज गुप्ता, तेजबहादुर आदि मौजूद रहे।