मऊ। तहसील के बाद अब ब्लॉक स्तर पर फायर स्टेशन बनेंगे। जमीन चिह्नित करने के लिए शासन से निर्देश मिला है। अग्निशमन विभाग को राजस्व विभाग के साथ मिलकर जमीन चिह्नित करना है। कोपागंज ब्लॉक के कसारा गांव में फायर स्टेशन के लिए 1.66 बीघे जमीन मिल गई है। विभाग ने 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है।
यहां यूपी सिडको फायर स्टेशन का भवन बनाएगी। गर्मी के साथ ही जिले में आग लगी की घटनाएं बढ़ गई हैं। मुख्य फायर स्टेशन सहित, मुहम्मदाबाद गोहना के चालिसवां, घोसी तहसील के अमिला और मधुबन में सब फायर स्टेशन का भवन बनकर तैयार है।
सभी तहसीलों पर फायरमैन और दमकल वाहनों की तैनाती कर दी गई है। लेकिन फायर स्टेशनों से जिले के कुछ इलाके दूर हैं, जिससे घटना होने पर दमकल वाहनों को पहुंचने में समय लग जाता है, या पहुंचने तक नुकसान अधिक हो जाता है।
इस समस्या को देखते हुए शासन ने सभी ब्लॉकों पर सब फायर स्टेशन बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे संबंधित पत्र सभी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भेजकर जमीन तलाश करने को कहा गया है। एक सब स्टेशन के लिए 1.6 बीघे जमीन की जरूरत होगी। वर्तमान में रानीपुर, रतनपुरा, बड़राव, दोहरीघाट ब्लॉक और चिरैयाकोट नगर पंचायत के आसपास सब फायर स्टेशन की जरूरत है।