मऊ। दिवाली के त्योहार को देखते हुए आतिशबाजी की दुकानों के संचालन को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। उप जिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने निर्देश दिया है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री करते हुए कोई दुकानदार पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अस्थायी आतिशबाजी की दुकान लगाने वाले दुकानदारों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने और प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही बिक्री शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने दुकानदारों को आतिशबाजी की दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने, सुरक्षित स्थान पर दुकान लगाने, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखने तथा आग बुझाने के उपकरण उपलब्ध रखने को कहा है।
इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा और भीड़-भाड़ से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन पटाखों को प्राथमिकता देने और प्रतिबंधित आतिशबाजी से दूर रहने की अपील की गई है। आमजन से भी पटाखे जलाते समय बच्चों की निगरानी रखने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य दिवाली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।