जिले के उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी जो कार्यस्थल पर पुलिस वर्दी में रील बनाते हैं। इसको लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर (कानून व्यवस्था) द्वारा निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।
सोमवार को इसकी जानकारी एएसपी अनूप कुमार ने जारी बयान में दी। साथ ही शहर कोतवाली में तैनात एक महिला आरक्षी द्वारा नियमों के उल्लंघन के मामले में जांच किए जाने की जानकारी भी दी।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि ड्यूटी के समय पुलिसकर्मी अपनी आधिकारिक सूचनाओं, यूआरएल और अन्य आवश्यक जानकारियों को सुरक्षित रखें।
सोशल मीडिया पर की गई अनुचित गतिविधियां न केवल सरकारी कार्य को प्रभावित करती हैं, बल्कि पुलिस की गरिमा और विश्वसनीयता को भी नुकसान पहुंचाती हैं। सभी पुलिसकर्मियों को 8 फरवरी 2023 को जारी सोशल मीडिया पॉलिसी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान यदि कोई पुलिसकर्मी रील बनाता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वर्दी में आपत्तिजनक रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों और रंगरूटों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली में तैनात एक महिला आरक्षी का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच सीओ सिटी द्वारा की जा रही है।