गांव-गांव जाकर बताएंगे उपलब्धियां
समाजवादी पार्टी की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर हुई। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशों को पढ़कर सुनाया गया। इसमें सभी को 18 अप्रैल से 27 अप्रैल तक प्रत्येक विधान सभा में गांव-गांव साइकल यात्रा निकालने का आह्वान किया गया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा को दस भागों में विभाजित किया गया है।
जहां साकिल यात्राएं वहां के कार्यकर्ता निकालेंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अल्ताफ अंसारी ने कहा कि सपा ने अपने कार्यकाल में जो कार्य किया है उसे जनता को बताने का वक्त आ गया है। पार्टी ने एक बुनकर के बेटे को फिर से टिकट देकर यह साबित किया है कि वह गरीबों एवं मजलूमों की पार्टी है। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल में हर वर्ग के लोगों का दिल जीता है।
प्रथम चरण में ही उन्होंने मधुबन विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाकर लोगों को एहसास कराया है कि पार्टी का एक मामूली कार्यकर्ता पर भी उनकी नजर है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष अंशा यादव, रामधनी चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवप्रताप यादव, अशोक यादव, संजय चौधरी, योगेंद्र यादव योगी, संध्या यादव, वीरेंद्र यादव, महेंद्र चौहान, सेराज अहमद आदि उपस्थित रहे। संचालन कुद्दुश अंसारी ने किया।