अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने डीसीएसके महाविद्यालय में विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें स्वच्छ पेयजल की कमी और लाइब्रेरी के नियमित संचालन सहित अन्य समस्याओं को उठाया गया। जिला संयोजक अविनाश गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में महाविद्यालय में पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
अभाविप ने लाइब्रेरी को नियमित रूप से संचालित करने और पर्याप्त पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसमें संदर्भ पुस्तकें और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ बैठने की उचित व्यवस्था, प्रकाश, पंखे और साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान विभाग छात्रा संयोजक अनन्या शर्मा सहित कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।