घोसी कोतवाली के मदापुर समसपुर निवासी इसराफिल अली की शिकायत और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बुधवार की शाम तीन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि अजरबैजान भेजने के नाम पर 80 हजार रुपये लिए। वीजा और टिकट भी दिया गया, लेकिन वह फर्जी था।
प्राथमिकी के अनुसार, इसराफिल अली का आरोप है कि मुहल्ला निवासी मोहम्मद आलम उर्फ मिंटू ने उन्हें अपने घर बुलाया और वहां पश्चिम बंगाल के 24 परगना अतधारा अरोहा निवासी मोहम्मद असलम खान से मुलाकात कराई। मोहम्मद असलम ने बताया कि अजरबैजान भेजने के लिए 1.20 लाख रुपये देने होंगे और हर माह लगभग एक लाख रुपये वेतन मिलने की बात कही।
बात तय होने पर असलम खान ने व्हाट्सएप पर वीजा भेजा, जो उनके नाम से था। मोहम्मद आलम उर्फ मिंटू के कहने पर 29 नवंबर 2025 को 40 हजार रुपये असलम खान के खाते में भेज दिए गए। 21 दिसंबर 2025 को मोहम्मद आलम उन्हें साथ लेकर चंडीगढ़ गया।
वहां असलम और बलिया जिले के रसड़ा थाना के निकासी निवासी प्रेमचंद्र से मुलाकात हुई। वहां एग्रीमेंट बनाकर उन्होंने वीजा और फ्लाइट का टिकट दिया। उनके कहने पर 30 दिसंबर 2025 को 40 हजार रुपये उनके खाते में भेज दिए गए। बाद में पता चला कि टिकट और वीजा फर्जी थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विवेचना की जा रही है। संवाद